प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया है. इनमें महिलाओं की भी अच्छी ख़ासी संख्या है.
पिछले दिनों लड़कियों और महिलाओं के स्नान करते और कपड़े बदलने की तस्वीरें और वीडियो कई सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर शेयर किए गए.
ऐसे वीडियो फ़ेसबुक, एक्स और यूट्यूब पर मौजूद थे. यही नहीं, कई टेलीग्राम चैनल्स पर इन वीडियो को बेचा जा रहा था.
मीडिया रिपोर्ट्स में यह बात जब सामने आई, तो पुलिस ने इस पर कार्रवाई की. कुछ लोग गिरफ़्तार किए गए. इस पूरे मामले ने एक बार फिर ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म्स पर महिलाओं की निजता और उनकी सुरक्षा का मुद्दा उठा दिया है. 27 फ़रवरी यानी गुरुवार को भी पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर जानकारी दी कि इस संबंध में पश्चिम बंगाल के हुगली ज़िले के रहने वाले 27 साल के अमित कुमार झा को ग़िरफ़्तार कर लिया गया है.
इन सबके बीच गुजरात से भी एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है.
गुजरात के राजकोट में एक मैटरनिटी क्लीनिक से महिलाओं के वीडियो बनाकर उन्हें टेलीग्राम चैनल्स पर बेचा जा रहा था.
बीबीसी के पास भी टेलीग्राम के दो ग्रुप्स के स्क्रीनशॉट्स हैं, जिनमें सीसीटीवी से ली गईं महिलाओं की तस्वीरों को शेयर किया गया है.
इन तस्वीरों को शेयर करते हुए पूरा वीडियो किससे ख़रीदा जा सकता है, उसके बारे में भी बताया गया है.
उन टेलीग्राम चैनलों में सिर्फ़ महाकुंभ ही नहीं बल्कि कई अन्य धार्मिक उत्सवों के दौरान महिलाओं के स्नान के वीडियो और फ़ोटो डाली गई थीं.
पुलिस को क्या पता चला

पुलिस के मुताबिक़, सोशल मीडिया ऐप टेलीग्राम पर महाकुंभ में महिलाओं के स्नान के वीडियो बेचे जा रहे थे.
फ़ेसबुक पर ये वीडियोज़ महाकुंभ गंगा स्नान प्रयागराज कैप्शन के साथ अपलोड किए गए थे.
वहीं कुछ पोस्ट पर #mahakumbh2025, #gangasnan और #prayagrajkumbh जैसे हैशटैग इस्तेमाल किए गए थे.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ इन वीडियोज़ को दो हज़ार से तीन हज़ार रुपये में बेचा जा रहा था.
महिलाओं के वीडियो बेचे जाने की रिपोर्ट सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, यूपी पुलिस ने बताया कि इस मामले में उन्होंने इंस्टाग्राम अकाउंट और कुछ टेलीग्राम चैनल्स के ख़िलाफ़ कार्रवाई की है.
यूपी पुलिस ने कहा, “यह कार्रवाई तब की गई जब सोशल मीडिया निगरानी टीम को पता चला कि कुछ प्लेटफ़ॉर्म्स पर महाकुंभ में महिलाओं के स्नान और कपड़े बदलने के वीडियो अपलोड किए जा रहे हैं. जो उनकी गोपनीयता और गरिमा का उल्लंघन है.”
दुनिया जहान: अंतरराष्ट्रीय विषयों की गहन पड़ताल करता कार्यक्रम.
दिनभर: पूरा दिन,पूरी ख़बर
समाप्त
17 फ़रवरी को उत्तर प्रदेश पुलिस ने महिला श्रद्धालुओं के वीडियो पोस्ट करने के आरोप में इंस्टाग्राम अकाउंट के ख़िलाफ़ भी मामला दर्ज किया. वहीं एक अन्य मामले में 19 फ़रवरी को कुछ टेलीग्राम चैनल्स के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है.
दोनों ही मामले प्रयागराज के कोतवाली कुंभ मेला थाना में दर्ज किए गए हैं.
उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस मामले में एक्स पर पोस्ट लिखा, “महाकुंभ में महिला श्रद्धालुओं के स्नान करने के अमर्यादित वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर अपलोड करने और ऐसे वीडियो को सोशल मीडिया के माध्यम से बेचने की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल ऐसे 17 सोशल मीडिया अकाउंट्स को चिह्नित कर कुंभ मेला पुलिस की ओर से उनके ख़िलाफ़ अभियोग पंजीकृत करते हुए वैधानिक कार्यवाही की जा रही है.”
बीबीसी ने कुंभ में गई एक महिला से भी बात की है.
नाम न छापने की शर्त पर उन्होंने बताया कि जब उन्हें पता चला कि कुंभ में महिलाओं के स्नान करते हुए तस्वीरों को बेचा जा रहा है, तो उन्हें बहुत बुरा लगा.
उन्होंने कहा, “यह एक औरत की इज़्ज़त का सवाल है. नहाते वक़्त अगर ऐसी तस्वीरें बाज़ार में बेची जाएँगी, तो इससे औरतों की बदनामी होगी. ऐसे धार्मिक आयोजनों में यह सब नहीं होना चाहिए. अगर इन जगहों पर भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो बाक़ी जगहों के बारे में हम क्या ही कह सकते हैं.”
